बिहार में 8 IAS बदले:के सेंथिल कुमार बने कोसी के प्रमंडलीय आयुक्त, 7 अन्य IAS अधिकारी भी इधर-उधर हुए
बिहार में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के छह अधिकारियों का तबादला हुआ है। साथ में पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे दो अधिकारियों की पोस्टिंग भी की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। कुल आठ IAS अधिकारी, जो बदले गए हैं, उनमें के सेंथिल, बालामुरुगन डी और संजय सिंह भी शामिल हैं।
पदस्थापना के लिए प्रतीक्षा कर रहे के सेंथिल कुमार को कोसी प्रमंडल का प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले सफीना ए एन पूर्णिया की प्रमंडलीय आयुक्त थीं, वह कोसी प्रमंडल के अतिरिक्त प्रभार में थीं। अब उनको अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
बालामुरूगन डी, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचन विभाग, पटना का स्थानांतरण करते हुए उन्हें परियोजना निदेशक, बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन परियोजना; राज्य मिशन निदेशक, राज्य ग्रामीण जीविकोपार्जन मिशन आयुक्त, स्वरोजगार, ग्रामीण विकास विभाग में पदस्थापित किया गया है।
गोपाल मीणा, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचन विभाग, पटना का स्थानांतरण विशेष सचिव, लघु जल संसाधन विभाग, बिहार, पटना में किया गया है।
संजय कुमार सिंह, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचन विभाग का स्थानांतरण राज्य परियोजना निदेशक के तौर पर बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना में किया गया है। उन्हें अगले आदेश तक विशेष कार्य पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
विनोद सिंह गुंजियाल, उत्पाद आयुक्त सह निबंधन महानिरीक्षक, बिहार, पटना को स्थानांतरित करते हुए निदेशक, पशुपालन पद पर पदस्थापित किया गया।
अमरेन्द्र प्रसाद सिंह को उद्योग विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। ये पदस्थापना के इंतजार में थे।
बी कार्तिकेय धनजी को पशुपालन विभाग के निदेशक के पद से ट्रांसफर करते हुए उत्पाद आयुक्त सह निबंधन महानिरीक्षक बनाया गया है। साथ ही विवरेज कॉरपोरेशन में प्रबंधन निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी इन्हें दिया गया है।
सुश्री रंजीता, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचन विभाग, बिहार, पटना को स्थानांतरित करते हुए श्रमायुक्त, श्रम संसाधन विभाग, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। इन्हें अगले आदेश तक निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बिहार कौशल विकास मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।