बिग बॉस के घर में पहली बार बिहार के दो कॉमनर कलाकारों ने जगह बनाई है। मुजफ्फरपुर के गायक दीपक ठाकुर के साथ पटना सिटी की उर्वशी वाणी को इंट्री मिली है। इससे उर्वशी के परिवारवालों के साथ ही आसपास के लोग और उसकी शिक्षिका बहुत खुश हैं। हर कोई उसकी मेहनत और लगन की तारीफ कर रहा है। उर्वशी के पिता पंकज कुमार तिवारी समस्तीपुर में जूट मिल में कार्यरत हैं।

समस्तीपुर में रहता है परिवार
उर्वशी की बड़ी बहन प्रियंका तिवारी ने बताया- पूरा परिवार समस्तीपुर में रहता है। उर्वशी में बचपन से ही संगीत के प्रति गजब का जुनून था। इसलिए वह संगीत की शिक्षा लेने के लिए समस्तीपुर से अपने पुश्तैनी मकान सदरगली, पटना सिटी में आकर रहने लगी। परिवार के सदस्य यहां आते-जाते रहते थे।
ट्यूशन पढ़ाकर निकालती थी खर्च
उर्वशी की दो बहनें व भाई भी सिटी में ही पढ़ाई करते हैं। उसकी संगीत गुरु उर्मिला मिश्रा ने बताया कि वह बहुत मेहनती है। पहले वह छोटे-छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ा कर अपना खर्च निकाला करती थी। संगीत के प्रति जुनून ऐसा था कि फेसबुक फ्रेंड दीपक ठाकुर की आवाज से प्रभावित होकर उससे मिलने मुजफ्फरपुर चली गयी थी। बाद में हमलोगों को पता चला। क्लास में सबसे पहले आना और हॉरमोनियम पर रियाज शुरू कर देना उसकी आदत में शुमार हो गया था। उर्वशी की सफलता के लिए उसकी सहपाठी व अन्य लोग प्रार्थना कर रहे हैं। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक संख्या में वोटिंग करने की अपील कर रहे हैं।
Input:Live Hindustan