एक बार फिर नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ी घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने जवानों के वाहन को आइइडी ब्लास्ट से उड़ा दिया। इस हमले में छह जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान घायल हो गया है। शहीद जवानों में एक बिहार के बेगूसराय के रहने वाले हैं। शहीद जवान का नाम राजेश सिंह है। राजेश सिंह बेगूसरास जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के बीहट गांव के रहने वाले थे। दो दिन पहले ही घर से गये थे।
26 वर्षीय जवान राजेश कुमार जिले के बीहट में एफसीआइ ओपी अंतर्गत सुंदरवन के रहने वाले थे। मजदूरी करने वाले नवल किशोर सिंह के इकलौते पुत्र के शहीद होने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। देर रात तक लोग परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाने में लगे रहे। राजेश कुमार का पार्थिव शरीर सोमवार को विमान द्वारा लाया जाएगा और राजकीय सम्मान के साथ गंगा किनारे सिमरिया घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजेश के पिता ने बताया कि छुट्टी समाप्त होने पर मात्र दो दिन पहले ही राजेश ड्यूटी ज्वाइन करने दंतेवाड़ा गया था। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल मुख्यालय से रविवार शाम को फोन पर पत्नी स्वीटी कुमारी को राजेश के शहीद होने की सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक दंतेवाड़ा के चोल्नर गांव में पुलिस वाहन में आइइडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 3 जवान और डिस्ट्रिक्ट फोर्स के 2 जवान शहीद हो गए। वहीं, घायल जवानों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां एक जवान की मौत हो गई। ब्लास्ट इतना तेज था कि वाहन के परखच्चे तक उड़ गए।
डीआइजी सुंदर राज पी ने बताया कि आइइडी ब्लास्ट में छह जवान शहीद हो गए हैं, जबकि एक जवान घायल है। सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। विस्फोट उच्च तीव्रता का हो सकता है लेकिन जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी।
बताया जा रहा है कि जवान सड़क निर्माण के काम को सुरक्षा देने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान नक्सलियों ने उन्हें निशाना बनाया।50 किलो का आइइडी धमाका किया। 5 जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि एक जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल जवानों को किरंदुल के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया जा सकता है।
Input : Dainik Jagran