बिहार और उत्तरप्रदेश के उपचुनाव के नतीजों पर अब लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान के सांसद बेटे चिराग पासवान ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा के लिए ये बहुत बड़ा संकेत है। चिराग ने दो टूक कहा है कि उपचुनावों के जो नतीजे लगातार आ रहे हैं, वह भाजपा के पक्ष में नहीं हैं। ऐसे में, 2019 के लोकसभा चुनाव में बहुत बड़ी मुश्किल से इनकार नहीं कर सकते हैं।
चिराग पासवान ने शुक्रवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान ये बाते कहीं। कहा कि भाजपा के नेतृत्व को समझना होगा कि हो क्या हो रहा है? ये केवल हार ही नहीं हो रही है, बल्कि एनडीए के सहयोगी दल भी टूटते जा रहे हैं।
उन्होंने गिनाया कि पहले शिवसेना हटी, अब टीडीपी (तेलुगू देशम पार्टी) भी चली गयी है। बिहार में जीतनराम मांझी महागठबंधन की ओर बढ़ गये हैं। कहा यह भी जाने लगा है कि उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा भी महागठबंधन की ओर कूच कर सकती है।
उन्होंने कहा कि मेरे कहने का आशय यह नहीं है कि अभी हम कहीं और जानेवाले हैं। पर, भाजपा को यह सोचना होगा कि सभी नाराज क्यों हो रहे हैं? देश का मिजाज क्यों बदल रहा है? यूपी के चुनाव में विराट जीत के बाद गोरखपुर व फूलपुर के उपचुनाव में क्या ऐसी गंदी हार की उम्मीद थी। बिहार में भी अररिया व जहानाबाद हार गये।
चिराग ने कहा कि यह सही है कि भाजपा जहां नये प्रदेश में चुनाव लड़ने को जाती है, वहां वह चुनाव जीत जाती है। शायद कर्नाटक भी वह जीत ले, पर इससे महत्वपूर्ण बात यह होती है कि आप पहले से जीती हुई सीटों को क्या आप अपने पास सुरक्षित रख पा रहे हैं? उपचुनावों के नतीजे लगातार कह रहे हैं, जहां आप पहले जीते थे, वहां आप हारने लगे हैं। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। इसे तुरंत और तुरंत देखा जाना चाहिए, वरना 2019 की डगर बहुत मुश्किल हो जाएगी।