भगवानपुर चौक से वैशाली के कटहरा जाने के दौरान एनएच-28 पर रविवार की रात करीब 8 बजे 16 वर्षीय लड़की से चलते ऑटो में ही चार युवकों ने पर्दा गिराकर सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की। ऑटो में डेढ़ कमी. तक किशोरी चारों युवकों के साथ जूझती रही। आखिरी में वह इज्जत बचाने के लिए मनियारी थाने के छह माइल चौक के समीप चलते ऑटो से एनएच पर कूद गई। उसके हाथ-पांव लहूलुहान हो गए। लेकिन, ऑटो सवार युवकों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। लड़की भागने लगी तो युवकों ने खदेड़ा। किशोरी भागकर मदरसा चौक पर पहुंची। वहां लोगों से मदद की गुहार लगाई।
मदरसा चौक पर लोगों से लगाई मदद की गुहार, गिरने से किशोरी हुई लहूलुहान
स्थानीय लोगों ने ऑटो सवार युवकों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके। इसके बाद लोगों ने किशोरी को मनियारी थाने को सौंप दिया। मनियारी थाना अध्यक्ष मिहिर कुमार को लड़की ने बताया कि वह वैशाली जिले के कटहरा ओपी क्षेत्र के एक गांव में अपने नाना के यहां रहती है। वह घर से शाम चार बजे अपनी एक सहेली के साथ मुजफ्फरपुर शहर आई थी। शहर में सहेली से बिछड़कर भटक गई। उसे खोजने में शाम हो गई। तब वह भगवानपुर से कटहरा जाने के लिए ऑटो में बैठी। ऑटो पर चालक के अलावा तीन युवक सवार थे।
मनियारी में एनएच-28 की घटना, वैशाली से सहेली के साथ आई थी शहर
कटहरा ओपी पुलिस के माध्यम से किशोरी के परिजन को सूचना दी गई है। उनके आने पर किशोरी का बयान दर्ज कर उसे परिजनों को सौंपा जाएगा। शहर में बिछड़ी किशोरी की सहेली का सुराग ढूंढने में पुलिस टीम जुटी है। शहर के सभी थानेदार को वायरलेस पर अलर्ट किया गया है। -मिहिर कुमार, थाना अध्यक्ष, मनियारी
Input : Dainik Bhaskar