गांधी घाट पर्यटकों से फिर गुलजार होगा। राजधानी से गुजरने वाली गंगा नदी में दिसंबर से एमवी गंगा विहार फिर से चालू होने जा रही है। गंगा की लहरों के बीच आम लोग जल्द ही खाने और पार्टी मनाने का लुत्फ उठा सकेंगे। लॉकडाउन के कारण मार्च में इसे बंद कर दिया गया था।

पर्यटन निगम के अधिकारी की मानें तो एमवी गंगा विहार नाव पर्यटकों की सुविधा के लिए तैयारी चल रही है। पांच दिसंबर तक पर्यटकों को सुविधा मिल सकती है। साेशल डिस्टेंसिंग एवं अन्य मानकाें का पालन करते हुए पर्यटकाें काे करीब 20 किमी सैर कराई जाएगी। जहाज पर एक साथ 40 पर्यटक बैठ सकते हैं। एक घंटा की सैर के लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपया किराया लगेगा। नाव क्षमता के अनुसार सीट फुल होने के बाद ही खुलेगी।

सुबह से शाम 7 बजे तक दानापुर हांडी घाट से दीदारगंज तक कर सकेंगे सफर, गांधी घाट पर शुरू हो सकती है गंगा आरती
पर्यटकों को गंगा की सैर कराने के लिए जहाज गांधी घाट से खुलकर दानापुर हांडी घाट से लेकर दीदारगंज तक जाएगा। गांधी घाट से खुलने के बाद यह एक तरफ दानापुर के हांडी घाट और दूसरी तरफ दीदारगंज तक का सफर तय करेगा। यह जहाज हर दिन सुबह से शाम सात बजे तक 8-9 ट्रिप लगाएगा। बीच में भी कुछ स्थानों पर स्टेशन बनाने की योजना है। फिलहाल, इसके लिए स्थान का चयन किया जा रहा है।

पर्यटन निगम के अधिकारी के मुताबिक कोरोना वायरस के कारण गंगा आरती बंद कर दी गई थी। लॉकडाउन के दौरान मार्च से लेकर अबतक गंगा आरती शुरू नहीं की गई है। भीड़-भाड़ को देखते हुए गंगा आरती बंद है। हालांकि, गंगा आरती चालू करने के लिए हाई लेवल मंथन चल रहा है। गांधी घाट पर हर शनिवार और रविवार गंगा आरती होती है। लॉकडाउन से पहले गंगा आरती हर शनिवार और रविवार को गंगा के किनारे होती थी, लेकिन अभी बंद है।

Previous articleपटना में रेल अफसर के ठिकानों पर छापेमारी, 2 अफसरों के यहां मिले 1.07 करोड़ नकद
Next articleअभी-अभी : भैंसों के साथ सड़क पर उतरे RJD कार्यकर्ता, बिहार में दिख रहा भारत बंद का असर