अभी-अभी : BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा कोरोना पॉजिटिव, इसी हफ्ते किया था बंगाल का दौरा

Coronavirus (Covid-19) Vaccine India LIVE Update: कोरोनावायरस का असर भारत के साथ पूरी दुनिया में बढ़ता जा रहा है। इस बीच भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा संक्रमित पाए गए हैं। इसी हफ्ते बंगाल दौरे पर गए नड्डा ने लक्षण दिखने के बाद जांच कराई थी। रविवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्विटर पर कहा, “मेरी तबीयत ठीक है, डॉक्टर्स की सलाह पर होम आइसोलेशन में सभी दिशा- निर्देशो का पालन कर रहा हूं। मेरा अनुरोध है, जो भी लोग गत कुछ दिनों में संपर्क में आए हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं। बता दें कि इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह से लेकर भाजपा के कई केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री भी कोरोना से पीड़ित हो चुके हैं।

दूसरी तरफ वैक्सीन के आने की खबरों के साथ ही लोगों में उम्मीद भी बंधने लगी है। ब्रिटेन के बाद अब सोमवार से अमेरिका में Pfizer की कोरोना वैक्सीन की सप्लाई शुरू हो जाएगी। पहले ही चरण में फाइजर अमेरिका में करोड़ों डोज मुहैया हो जाएंगे। दूसरी तरफ ब्रिटेन में वैक्सीन रेगुलेटर इसी दिन से ऑक्सफोर्ड-एस्ट्रा जेनेका की वैक्सीन के ट्रायल डेटा का विश्लेषण करेंगे।

इस बीच पेरू ने वैक्सीन फ्रंट पर बड़ा फैसला करते हुए चीन की साइनोफार्म वैक्सीन के ट्रायल को रद्द कर दिया है। बताया गया है कि चीनी वैक्सीन का कुछ लोगों पर गंभीर असर पड़ा था, इसके बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने जांच बिठाते हुए चीनी वैक्सीन के ट्रायल को रद्द कर दिया। बता दें चीनी वैक्सीन कंपनी पेरू में 12 हजार वॉलंटियर्स पर पहले फेज की टेस्टिंग कर रहा था।

दूसरी तरफ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 1200 पेज का एक दस्तावेज सामने आया है, जिसमें संभावना जताई गई है कि एक सेशन में 100 लोगों को टीका लगाया जा सकता है। गाइडलाइन के मुताबिक, राज्य और केंद्र शासित राज्य खुद से वैक्सीनेशन का दिन और तारीख तय कर सकेंगे। केंद्र सरकार अगले 6 से 8 महीने में देश के 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने की तैयारी में है। इसके लिए 60 करोड़ डोज कंपनियों से खरीदे जाएंगे।

बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 30,254 नए मामले आए। देश में इसके बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 98,57,029 हो गई, जबकि 391 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,43,019 हो गई। यह जानकारी रविवार सुबह नौ बजे केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से दी गई। साथ ही बताया गया कि देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 3,56,546 है। 33,136 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 93,57,464 हो गई है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर कुल पॉजिटिव मामलों के 3.62% हुए। रिकवरी रेट बढ़कर 94.93% पर आ गया है।

Previous articleइधर किसान कानूनों के खिलाफ पंजाब DIG-जेल का इस्तीफा, बोले- मेरा सबकुछ किसानी से आया
Next articleतीन महीने तक नहीं लिया राशन तो रद्द हो सकता है राशन कार्ड, केंद्र सरकार ने लिया अहम फैसला