किसानों के समर्थन में पहुंचे WWE रेसलर खली, बोले- पंजाब और हरियाणा से पड़ा है केंद्र का पाला, निपटना मुश्किल
WWE सुपरस्टार और रिंग में बड़े-बड़े पहलवानों को धूल चटाने वाले द ग्रेट खली अब दिल्ली-एनसीआर में प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने सरकार से किसानों की मांग स्वीकार करने और तीनों कृषि बिल वापस लेने की मांग की है। बाहरी दिल्ली में किसान प्रदर्शन स्थल पर मौजूद खली ने कहा कि वो अपने साथ छह महीने का राशन साथ लाए हैं और जब तक मांग पूरी नहीं होती वापस नहीं लौटेंगे।
सोशल मीडिया में दरअसल खली का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने ये बातें कहीं है। इसमें उन्होंने कहा कि किसानों से अनाज कुछ रुपए का लिया जाएगा और आम आदमी को वापस 200 के हिसाब से बेचा जाएगा। उससे ज्यादा नुकसान दिहाड़ी मजदूरों का है। इस बिल की वजह से रेहड़ी वाले और आम इंसानों का ज्यादा नुकसान है।
वीडियो में खली ने सभी लोगों से किसानों के साथ खड़े होने की अपील की। ताकि सरकार किसानों की मांग को स्वीकर करने के लिए मजबूर हो जाए। उन्होंने कहा कि पंजाबी और हरियाणवियों से केंद्र सरकार का पाला पड़ा है जिनसे निपटना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि उनके साथ आया पूरा जत्था 6 महीने का राशन लेकर जा रहा है। जब तक किसानों की मांग पूरी नहीं होती तब तक वापस नहीं लौटेंगे।
किसान वर्ग हाल में पारित हुए तीन कृषि बिलों का विरोध कर रहा है। इनका मानना है कि नए बिलों से अन्नदाताओं को नुकसान होगा और व्यापारी वर्ग को लाभ होगा। बता दें दि कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का आज सातवां दिन है। पहले दौर की वार्ता नाकाम रहने के बाद सरकार एक बार फिर प्रदर्शनकारी किसानों के साथ बातचीत करने जा रही है।
इधर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह ‘झूठ और सूट-बूट की सरकार’ है। उन्होंने किसानों के प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘कहा गया था कि किसान की आय दुगनी होगी। लेकिन ‘मित्रों’ की आय हुई चौगुनी और किसान की हो गई आधी।’