भाजपा के वरीय नेता विजय सिन्हा नए विधानसभा अध्यक्ष हो सकते हैं। उनके नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है। सबकुछ ठीक रहा तो 25 को वे शपथ लेंगे। ऐसे भाजपा के नीतीश मिश्रा और विनोद नारायण झा का नाम भी चर्चा में है। सामाजिक समीकरण को लेकर इनके नाम पर पार्टी विचार कर रही है। विजय सिन्हा, पिछली सरकार में मंत्री थे।

विनोद नारायण झा व नीतीश मिश्रा भी मंत्री रह चुके हैं। पार्टी ने पिछले दिनों नंदकिशोर यादव का नाम विधानसभा अध्यक्ष के लिए तय किया था। लेकिन जातिगत समीकरण की वजह से पार्टी उनकी जगह नए नाम पर पुनर्विचार कर रही है। पार्टी, उपमुख्यमंत्री का दोनों पद पिछड़ा-अति पिछड़ा को देने के बाद विधानसभा अध्यक्ष का पद भी पिछड़ी जाति को ही देने से हिचक रही है। सवर्णों की नाराजगी का भी खतरा है, जो भाजपा का आधार और परम्परागत वोटर हैं।

विधान परिषद के कार्यकारी सभापति के पद पर राजपूत जाति की शख्सियत के होने से पार्टी, विधानसभा अध्यक्ष के लिए भूमिहार या मैथिल ब्राह्मण के नाम पर गंभीरता से विचार कर रही है। मंत्रिमंडल में मैथिल ब्राह्मण को शामिल नहीं किया गया है। हलांकि, मंत्रिमंडल विस्तार में मैथिल ब्राह्मण को स्थान मिलना तय है। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष को लेकर पार्टी नए समीकरण पर गंभीरता से मंथन कर रही है।

Nand Kishore Yadav

ओवैसी के विधायक बोले-हिंदुस्तान नहीं भारत कहेंगे, भाजपा विधायकों ने कहा-पाक चले जाएं
17 वीं बिहार विधानसभा के पहले दिन इस मसले पर खूब तकरार हुई कि भारत को उर्दू में ‘भारत’ कहा जाए या ‘हिंदुस्तान’? मौका, सोमवार को विधायकों के शपथ ग्रहण का था। एआईएमआईएम के विधायकों ने उर्दू वाले शपथ पत्र में भारत के लिए दर्ज ‘हिंदुस्तान’ को पढ़ने/बोलने से इनकार कर दिया। कहा-’हम अपने भारत को भारत ही कहेंगे, हिंदुस्तान नहीं।’ इस पर खासकर भाजपा के विधायक भड़क गए।

उन्होंने कहा-’जिन्हें हिंदुस्तान पसंद नहीं है, वे पाकिस्तान जाएं।’ तकरार की शुरुआत, उर्दू में शपथ ले रहे एआईएमआईएम के अमौर के विधायक अख्तरूल ईमान की मांग से हुई। उनका कहना था कि शपथ पत्र में ‘हिन्दुस्तान’ की जगह ‘भारत’ होना चाहिए। उन्होंने ‘हिंदुस्तान’ की बजाय ‘भारत’ पढ़ने की इजाजत प्रोटेम स्पीकर जीतन राम मांझी से मांगी और ‘भारत’ ही पढ़ा। भाजपा विधायकों ने ‘हिंदुस्तान’ के नाम पर शपथ नहीं लेने पर एआईएमआईएम पर हमला बोला। प्रमोद कुमार ने कहा कि जिनको हिंदुस्तान पसंद नहीं है, वे पाक जाएं।

नीरज बबलू बोले-किसी को हिंदुस्तान शब्द बोलने से परहेज नहीं होना चाहिए। पवन जायसवाल का कहना था कि एआईएमआईएम विधायक सुर्खियों में रहने के लिए फिजूल का विवाद पैदा करते रहते हैं। गौरतलब है कि एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी का भी हिन्दुस्तान पर यही स्टैंड रहा है कि आइन में भारत लिखा है।

Previous articleविधान सभा अध्यक्ष का चुनाव हुआ रोमांचक, RJD ​ने लिया उम्मीदवार उतारने का फैसला, 3 नामों पर चर्चा
Next articleबिहार के छपरा में सीओ को महिलाओं ने चप्पल से पी’टा, कहा— बाढ़ राहत के नाम पर घूस मांगता है