मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2020 तक बिहार के एक करोड़ युवाओं को हुनरमंद बनाने का लक्ष्य है। इसे लेकर कई पहल की गयी है। देश-दुनिया में हुनरमंद लोगों की कमी हो रही है, जिसकी वजह से इनकी मांग बढ़ी है। हमलोगों के लिए यह बड़ा अवसर है कि राज्य के युवाओं को हुनरमंद बनाएं, ताकि इन्हें बेहतर रोजगार मिल हो सके। बिहार सबसे अधिक युवा आबादी वाला राज्य है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को वेटनरी कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता शुरू करने के बाद बोल रहे थे। कहा कि जब से हमलोगों को बिहार की सेवा करने का मौका मिला तभी से लोगों में हुनर विकसित करने को लेकर काम शुरू किया।

शिक्षा विभाग द्वारा अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए हुनर कार्यक्रम चला। इसके अच्छे परिणाम आये। उस समय राज्य के पास मजबूत तंत्र नहीं था। धीरे-धीरे तंत्र विकसित हुआ है। शुरुआती दौर में यह काम तेजी नहीं पकड़ सका, लेकिन अब इसमें तेजी आई है। इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे बच्चे विश्वस्तर तक की प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करें, यही मेरी इच्छा है। इस प्रतियोगिता में प्रथम को 21 हजार, द्वितीय को 11 हजार और अन्य सभी प्रतिभागियों को 5-5 हजार मिलेंगे।

कोई ऐसा क्षेत्र नहीं, जहां विकास नहीं हुआ

मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 वर्ष हो गये बिहार की सेवा करते। इतने दिनों में कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां विकास नहीं हुआ। क्या था पहले बिहार का हाल? सड़कों में गड्ढा था या गड्ढ़े में सड़क थी, पता ही नहीं चलता था। आज सड़कें बेहतर हुई हैं। कम उम्र के युवाओं को तो पता ही नहीं होगा कि बिहार में पहले कैसी सड़कें हुआ करती थीं। 2005 में बिहार का बजट 22 हजार करोड़ था, जिसे बढ़ाकर अब 1.80 लाख करोड़ किया गया है।

उन्होंने कहा कि बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए जमीन का प्रबंध हो गया है। जल्द ही यह अपने भवन में जाएगा। सीएम के समक्ष विभिन्न कंपनियों के साथ राज्य सरकार की विभिन्न संस्थाओं के बीच करारनामे का आदान-प्रदान हुआ।

बिहार के बिना देश स्किल्ड नहीं होगा: मोदी 

उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है स्किल्ड इंडिया का। इसके लिए जरूरी है कि बिहार स्किल्ड हो। बिहार में 15 से 65 आयु वर्ग के 50 फीसदी से अधिक लोग हैं। यही लोग होते हैं जो काम करते हैं। इसलिए यहां के लोगों को हुनरमंद बनाने के लिए कई योजनाएं चलायी जा रही हैं।

बिहार के युवा हुनरमंद हो जाएंगे तो इनके सामने रोजी-रोटी की समस्या नहीं रहेगी। श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 27 ट्रेड में युवा अपना हुनर दिखाएंगे। मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि युवा अपने हाथ में हुनर पैदा करें और साथ ही क्रिएटिव काम करें। विकास आयुक्त शिशिर सिन्हा, एनएसडीसी के एमडी मनीष कुमार, श्रम संसाधन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह आदि ने भी विचार रखे।

Input : Hindustan

Previous articleदेखिए : निलंबित SSP विवेक कुमार पर की गई 22 पन्नो की प्राथिमिकी दर्ज
Next articleसकरा में बाइकर गैंग ने महिला से 45 हजार झपटे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here