दानापुर रेल मंडल के पटना जंक्शन और राजेन्द्र नगर टर्मिनल को छोड़कर शेष स्टेशनों की साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। जबकि, सफाई का जिम्मा निजी हाथों में है। समस्या से निबटने को रेल प्रबंधन ने बड़ी कंपनियों का सहारा लेने का फैसला किया है। मंडल के तमाम स्टेशनों में स्वच्छता के लिए स्टेशनों का समूह बनाकर सफाई की जिम्मेदारी दी जाएगी। कंपनियों को मशीनों से सफाई करनी होगी। रेलवे का नया विभाग ‘इनवायरनमेंट हेरिटेज’ स्टेशनों में साफ-सफाई का काम टेंडर के जरिए कंपनियों को सौंपेगा और मॉनीटरिंग भी करेगा।

ठेकेदार की छुट्टी

दानापुर रेल मंडल प्रबंधन के अनुसार पूरे देश के रेल मंडलों में स्टेशनों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी नए विभाग इनवायरमेंट हेरिटेज को दी गई है। पहले जहां एक-एक स्टेशन के लिए अलग से सफाई करने वाले ठेकेदार को रखा जाता था, वहीं अब स्टेशनों का समूह बनाकर सफाई का टेंडर दिया जाएगा।

स्टेशनों का समूह

पटना जंक्शन के साथ ही परसाबाजार, पुनपुन, तारेगना व जहानाबाद के साथ ही मखदुमपुर व बेला स्टेशन को भी समूह में रखा जाएगा। राजेन्द्र नगर टर्मिनल के साथ पटना साहिब, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, हथिदह, रामपुर डुमरा एवं बड़हिया स्टेशन को एक समूह में रखा जाएगा। इसी तरह झाझा, जमुई, गिद्धौर, किउल एक समूह में होंगे। लखीसराय, शेखपुरा, वारिसलीगंज, नवादा एवं तिलैया के साथ-साथ बिहारशरीफ एवं राजगीर एक समूह में रखा जाएगा। दानापुर, पाटलिपुत्र, बिहटा, आरा, बक्सर, डुमरांव एवं दिलदारनगर को एक समूह में रखा गया है।

हाल्ट भी नहीं रहेंगे गंदे

सारे हाल्ट एवं छोटे स्टेशनों की साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है। हेरिटेज में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था कड़ाई से सुनिश्चित कराने को कहा गया है। साफ-सफाई में कोताही बरते जाने पर कंपनी और हेरिटेज के संबंधित अधिकारी पर भी कार्रवाई की जाएगी। निगरानी रखने के लिए उन स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जहां पहले से कैमरे नहीं लगे हैं।

समूह में स्टेशनों को शामिल करने से बड़ी कंपनियां इस काम में शामिल होंगी। उन्हें सारी मशीनें रखनी होंगी। ब्रांडेड केमिकल से ही सफाई करनी होगी।

-रंजन प्रकाश ठाकुर, मंडल रेल प्रबंधक, दानापुर।

Input : Dainik Jagran

Previous articleकभी साइकिल पर बेचता था गुटखा, चार करोड़ रुपये के साथ गिरफ्तार, एेसे बनाई अकूत संपत्ति
Next articleलापरवाही: नवजात को वार्मर में रख सोने चली गई नर्स, दम घुटने से मौत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here