भुसाही मध्य विद्यालय परिसर में लगे चापाकल में सोमवार को असामाजिक तत्वों ने जहर डाल दिया। चापाकल से निकल रहे झाग व जहर की दुर्गंध से अफरातफरी मच गई। हालांकि, तब तक स्कूल में छुट्टी हो गई थी। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। इस चापाकल से आसपास के लोग भी पानी लेते हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रसोईया तारा देवी ने इसकी सूचना विद्यालय प्रधान बबीता कुमारी व मुखिया रामाकांत पासवान को दी। मुखिया ने बताया कि स्कूल में छुट्टी होने के बाद किसी असामाजिक तत्व ने चापाकल में जहर डाला। समय पर इसका पता चल जाने से स्थानीय लोगों की जान भी बच गई। लोगों ने बताया कि चापाकल से दूधिया पानी निकलने व जहर के दुर्गंध से इसकी जानकारी हुई। पास में ही जहर का डिब्बा भी फेंका हुआ था।
विद्यालय प्रधान बबीता कुमारी, शिक्षक नितनारायण सिंह, अरविंद कुमार आदि ने बताया कि शायद साजिशकर्ता को यह मालूम नहीं था कि अचानक आज से ही गर्मी की छुट्टी हो गई है। पहले दो तारीख को छुट्टी होने वाली थी। अगर छुट्टी नहीं होती व जहर का पता नहीं चलता तो बड़ा हादसा हो जाता।
मामले में विद्यालय प्रधान ने बीडीओ, बीईओ व थानाध्यक्ष को आवेदन देकर जांच और दोषी पर कार्रवाई की मांग की है। इधर, घटना के बाद से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है।
Input : Live Hindustan