पटना : एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज समर्थन मांगने पटना आने वाली हैं। सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से वे पटना एयरपोर्ट पर उतरेंगी। पटना में वे कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगी।
अपने पक्ष में मतदान के लिए करेंगी अपील
राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू मंगलवार सुबह 10 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरेंगी। और यहां से वो हार्डिंग रोड स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर जाकर माल्यार्पण करेंगी। माल्यार्पण के बाद वो होटल मौर्या जाएंगी जहां पर बीजेपी की ओर से कार्यक्रम रखा गया हैं। यहाँ एनडीए के घटक दल के नेताओं के साथ उनकी मुलाकात होगी। और उनसे अपने पक्ष में मतदान की अपील करेंगी। दोपहर का भोजन करने के बाद करीब डेढ़ बजे गुवाहाटी के लिए प्रस्थान करेंगी।
चार केन्द्रीय मंत्री रहेंगे उनके साथ
द्रौपदी मुर्मू जब पटना आएंगी तो उस दौरान मोदी मंत्रिमंडल के चार मंत्री उनके साथ मौजूद रहेंगे। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय और आरके सिंह उनके साथ रहेंगे।
आदिवासी समाज से आने वाली पहली राष्ट्रपति प्रत्याशी
द्रौपदी मुर्मू देश की पहली ऐसी राष्ट्रपति उम्मीदवार हैं जो आदिवासी समाज से आती हैं। द्रौपदी मुर्मू इससे पहले झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं। राष्ट्रपति प्रत्याशी के लिए एनडीए ने द्रौपदी मुर्मू का नाम लेकर सबको चौंका दिया था। द्रौपदी मुर्मू के नाम पर काफी उन पार्टियों का भी समर्थन एनडीए को मिला हैं जो आदिवासी समाज और पिछड़ी समाज से जुड़ी राजनीति करती हैं। वहीं द्रौपदी मुर्मू के सामने विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को अपना राष्ट्रपति प्रत्याशी बनाया हैं।