मुजफ्फरपुर : जिले के बोचहां सीट से 9 बार विधायक रहे पूर्व मंत्री रमई राम का गुरुवार को निधन हो गया। वे कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज पटना के मेदांता हॉस्पिटल में चल रहा था। उन्होंने पटना में हीं अंतिम सांस ली।
रमई राम बोचहां सीट से 9 बार विधायक व 5 बार बिहार सरकार मे मंत्री रहे हैं। वे तीन बार राजद के टिकट, एक बार जेडीयू के टिकट, दो बार जनता दल के टिकट और तीन अन्य दलों के प्रत्याशी के रूप में विधायकी का चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि, साल 2015 और 2020 में उन्हे लगातार दो बार हार का मुंह देखना पड़ा था। 2015 में उन्हे बेबी कुमारी ने सियासी पटखनी दी तो वहीं 2020 विधानसभा चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के मुसाफिर पासवान के हाथों उन्हें हार झेलनी पड़ी थी। हाल ही में उन्होंने वीआईपी जॉइन की थी। और बोचहां विधानसभा के उपचुनाव में उनकी बेटी गीता कुमारी वीआईपी पार्टी से प्रत्याशी बनी थी लेकिन वो जीत नहीं पाई।
तेजस्वी यादव ने किया ट्वीट
रमई राम आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सबसे करीबी नेताओं में से एक माना जाता था। उनके निधन पर शोक जताते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया हैं। उन्होंने लिखा, “वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री और 9 बार विधायक रहे आदरणीय श्री रमई राम जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वो एक कर्मठ और समर्पित राजनेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता थे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति ॐ”
वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री और 9 बार विधायक रहे आदरणीय श्री रमई राम जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वो एक कर्मठ और समर्पित राजनेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता थे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति ॐ
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 14, 2022
लालू यादव और नितीश कुमार दोनों के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान संभाले थे मंत्री पद का जिम्मा
रमई राम लालू यादव और नीतीश कुमार, दोनों के ही मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान मंत्री पद का जिम्मा संभाले थे। वे बिहार सरकार मे भूमि सुधार और राजस्व के अलावा परिवहन मंत्री भी रह चुके हैं।