RJD सुप्रीमों लालू यादव से मिलकर भावुक हुए तेजस्वी यादव, इलाज के लिए दिल्ली से बुलांएगे डॉक्टर
राजद अध्यक्ष लालू यादव से शनिवार को उनके पुत्र और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुलाकात की। करीब सवा घंटे की मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने अपने पिता का हाल जाना और बिहार की राजनीति पर भी चर्चा की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने लालू के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जाहिर करते हुए कहा कि वह रिम्स व दिल्ली के डॉक्टर के लगातार संपर्क में हैं। दिल्ली के डॉक्टर से आग्रह किया हूं कि वे रांची आएं और उनके पिता के स्वास्थ्य का परीक्षण करें। यह बहुत गंभीर बात है कि उनके पिता की किडनी केवल 25 फीसद ही काम कर रही है।
पिता की किडनी केवल 25 फीसद ही काम कर रही
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सह राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने शनिवार की दोपहर अपने पिता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) से रिम्स में मुलाकात की। बहुचर्चित चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद रिम्स, रांची के पेइंग वार्ड में इलाजरत हैं। करीब सवा घंटे की मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने अपने पिता का हाल जाना और बिहार की राजनीति पर भी चर्चा की।
पिता से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि करीब चार महीने के बाद उन्होंने पिता से मुलाकात की है। पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रहती है, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव के चलते समय नहीं मिल पाया था। वे रिम्स व दिल्ली के डॉक्टर के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने दिल्ली के डॉक्टर से बात की है कि वे रांची आएं और उनके पिता के स्वास्थ्य का परीक्षण करें। यह बहुत गंभीर बात है कि उनके पिता की किडनी केवल 25 फीसद ही काम कर रही है।
किसान आंदोलन पर भी तेजस्वी मुखर दिखे
किसान आंदोलन पर भी तेजस्वी मुखर रहे। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता हैं और देशभर के किसान अपनी जायज मांग को लेकर आंदोलन पर हैं। उन्हें जो सम्मान मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा है। केंद्र सरकार रेल, बीएसएनएल, एलआइसी के बाद अब कृषि क्षेत्र को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी में है। किसानों के उत्पाद को सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है,
इसी की लड़ाई किसान लड़ रहे हैं। अपनी लड़ाई लड़ते-लड़ते बिहार-झारखंड के किसान इतने कमजोर हो गए हैं कि वे आवाज ही नहीं उठा पा रहे हैं। किसान मजदूर बनते चले गए, उनका विकास नहीं हो पाया। औने-पौने दाम पर धान बेचने को विवश हैं। पश्चिम बंगाल के चुनाव पर तेजस्वी कुछ नहीं बोले, कहा कि अभी इसपर निर्णय नहीं हो सका है।