तीसरी बार चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल का चैंपियन बनाने के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने घर रांची पहुंच गए हैं। यहां रिंग रोड पर उनका आलीशान फार्महाउस है। जिसका नाम कैलाशपति है।
पत्नी साक्षी ने उसी फार्महाउस के अंदर की तस्वीरें दिखाने के इरादे से अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में फार्महाउस के अंदर की हरियाली और बाकी खूबसूरती दिखाई गई है।
धोनी के इस फार्महाउस में जिम, पार्किंग एरिया और अलग से नेट प्रैक्टिस के लिए जगह दी गई है। वहीं कारों के काफिले को रखने के लिए भी अलग से बड़ी पार्किंग की व्यवस्था है।
साक्षी के अपने इस वीडियो में फार्महाउस के अंदर गार्डन की तस्वीरें दिखाई गई हैं। सात एकड़ से ज्यादा में फैले इस फार्महाउस में काफी हरियाली है। अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। करीब एक साल पहले महेंद्र सिंह धोनी का परिवार रांची में अपने पुराने घर को छोड़ नए फार्म हाउस में शिफ्ट हो गया है। इसी साल अक्षय तृतीया के शुभ मौके पर इस कार्यक्रम में परिवार के कुछ करीबी लोग शामिल हुए थे। मार्च में रांची में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान सचिन तेंडुलकर के सबसे बड़े फैन सुधीर यहां ठहरे थे।
इससे पहले धोनी ने इस फार्महाउस में साथी खिलाड़ियों और ऑस्ट्रेलिया टीम को पार्टी दी थी। उस वक्त भी आलीशान फार्महाउस के अंदर की तस्वीरें सामने आईं थीं। धोनी अपने इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने इस खास फार्महाउस की तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। धोनी ने अपने इस नए और आलीशान फॉर्म हाउस को रांची की खूबसूरत घाटियों के बीच बनवाया है।
Input : Nai Dunia