4 साल की उम्र में मिली थी पहली फेरारी, 250 लग्जरी गाड़ियों के मालिक हैं भगोड़ा विजय माल्या

Vijay Mallya: विजय माल्या ने हाल में ही ब्रिटेन अदालत में आवेदन दिया है कि अपने निजी खर्च और कानूनी फीस का भुगतान करने के लिए उनके पैसे जो कानूनी नियंत्रण में हैं, उनमें से कुछ धन निकालने की इजाजात दी जाए। बता दें कि SBI के नेतृत्व में बैंकों के द्वारा हुई दिवाला कार्रवाई के कारण अदालत ने माल्या की संपत्ति को कब्जे में लेने के निर्देश दिये थे। शराब के कारोबारी विजय माल्या के करीब 15 लाख पाउंड की राशि अदालत के पास जमा हैं। खुद को हमेशा ‘किंग ऑफ गुड टाइम्स’ कहने वाले विजय माल्या की कहानी आइए जानते हैं –

जाने-माने कारोबारी थे पिता: विट्टल माल्या यानी विजय माल्या के पिता अपने समय के कर्नाटक के जाने-माने बिजनेसमैन रह चुके हैं। मगर, जब विजय 28 साल के थे तो उनके पिता की मौत हो गई। उनके देहांत के बाद कारोबार संभालने की जिम्मेदारी विजय के कंधों पर आ गई। इसके बाद यूनाइटेड ब्रेवरीज समूह के अध्यक्ष विजय माल्या बन गए। तब से लेकर उनके बिजनेस में करीब 15 प्रतिशत से 64 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है।

यहां से हुई है विजय की पढ़ाई: विजय माल्या की शुरुआती पढ़ाई कोलकाता के ला मार्टिनियर स्कूल से हुई। इसके बाद वहीं के संत जेवियर्स कॉलेज से उन्होंने वाणिज्य विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की है।

हुई हैं दो शादियां: विजय ने सन् 1986 में पेशे से एयर हॉस्टेस समीरा तैयबाजी से शादी की। इन दोनों का एक बेटा है जिसका नाम सिद्धार्थ माल्या है। हालांकि, ज्यादा दिनों तक ये रिश्ता टिक नहीं पाया और दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद 1993 में विजय ने अपनी बचपन की दोस्त रेखा से शादी की। विवाह पश्चात उन दोनों की दो बेटियां हुईं।

रह चुके हैं राज्यसभा के सदस्य: साल 2000 में विजय माल्या ने राजनीति में एंट्री ली। पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ने उतरी उनकी पार्टी कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सकी। हालांकि, इसके बावजूद वो दो बार राज्यसभा पहुंचने में कामयाब हुए। साल 2002 में पहली बार राज्यसभा सदस्य बनें। फिर 2010 में  दोबारा सदस्यता हासिल करने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

विलासितापूर्ण जीवन गुजारने के हैं आदी: विजय माल्या शानो-शौकत से जीवन गुजारने के लिए जाने जाते हैं। खबरों के मुताबिक 4 साल की उम्र में ही विजय के पिता ने उन्हें फेरारी गिफ्ट किया था। 2 हजार करोड़ से भी अधिक संपत्ति के मालिक विजय माल्या के पास दुनिया के कई हिस्सों में खुद के आलीशान बंगले हैं। हालांकि, अब इनमें से कुछ नीलाम भी हो चुके हैं। इसके अलावा, उनके पास 250 से भी अधिक गाड़ियां हैं।

Previous article9 साल की सौम्या बजाती रही पियानो, डॉक्टर ने ऑपरेशन कर सिर से निकाला ट्यूमर
Next articleइधर किसान कानूनों के खिलाफ पंजाब DIG-जेल का इस्तीफा, बोले- मेरा सबकुछ किसानी से आया