पटना सहित सूबे में आज कोहरा और घना होगा। दक्षिणी पूर्वी हवाओं के वायुमंडल के निचले सतह पर प्रवाह से आर्द्रता लगातार बढ़ती जा रही है। इस वजह से वायुमंडल में धुंध व कोहरे की स्थिति बनी है।
पटना सहित राज्य के अधिकतर भागों में सोमवार की सुबह धुंध और गहरी हुई। दिन में सूरज निकला लेकिन धूप में गर्मी नहीं थी। मंद-मंद गति से हवा बहने की वजह से कनकनी भी रही। हालांकि वायुमंडल की निचली सतह पर अभी दक्षिणी पूर्वी हवा का प्रवाह है। इस वजह से नमी वाली हवाएं सूबे में प्रवेश कर रही हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि इस वजह से धुंध की स्थिति और बढ़ने के आसार हैं। पटना और पूर्णिया में इसका असर दिख सकता है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम पारा और भी नीचे आ सकता है। रात में ठंड बढ़ेगी लेकिन दिन के पारे में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
प्रमुख शहरों का पारा
दक्षिणी पूर्वी हवा के बहने की वजह से अभी पारा सामान्य से ऊपर है। पटना का अधिकतम पारा सामान्य से एक डिग्री ऊपर 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम पारा सामान्य से तीन डिग्री अधिक 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। गया राज्य भर में सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 10.6 डिग्री से नीचे रहा। भागलपुर का अधिकतम 25.5 जबकि न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पूर्णिया का अधिकतम 23.5 जबकि न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया में सोमवार को आर्द्रता 100 प्रतिशत रहा जबकि पटना में आर्द्रता सुबह साढ़े आठ बजे 94 प्रतिशत दर्ज की गई।