Patna: बिहार के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में नए साल में रविवार को छोड़कर 80 छुट्टियां मिलेंगी। राज्यपाल सह कुलाधिपति फागू चौहान ने बुधवार को शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए अवकाश कैलेंडर 2021 को स्वीकृति प्रदान कर दी। इसके साथ ही अवकाश कैलेंडर को राज्यपाल सचिवालय ने जारी भी कर दिया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि वर्ष 2021 में 91 छुट्टियां दी गई हैं। इनमें 11 छुट्टियां रविवार को पड़ रही हैं। इस तरह रविवार को छोड़ 80 छुट्टियां मिलेंगी। कुल 91 छुट्टियों में ग्रीष्मावकाश के 30 दिन भी शामिल हैं। ग्रीष्मावकाश केवल शिक्षकों के लिए ही होगा। होली की छुट्टी 28 से 31 मार्च रहेगी। 14 और 15 मई को ईद की तथा 21 और 22 जुलाई को बकरीद की छुट्टी रहेगी।
हालांकि आदेश में यह भी कहा गया है कि चांद दिखने के अनुसार मुस्लिम त्योहारों के अवकाश की तिथि में परिवर्तन हो सकता है। 12 से 16 अक्टूबर दुर्गापूजा की छुट्टी रहेगी। दीपावली, चित्रगुप्त पूजा, छठ पूजा और गुरु नानक जयंती को लेकर चार से 11 नवंबर तक छुट्टी रहेगी। 24 से 31 दिसंबर क्रिसमस अवकाश रहेगा।