गोरौल थाना क्षेत्र के इनायतनगर पंचायत भवन के सामने चाय दुकान पर बैठे आरटीआई कार्यकर्ता की अपराधियों ने गोली मारकर कर हत्या कर दी। उसी दुकान में बैठे पंचायत के उपमुखिया पति भी अपराधियों की गोली से घायल हो गए। मृतक व्यासचक गांव निवासी रमेश सिंह के 26 वर्षीय पुत्र जयंत कुमार उर्फ हफिया थे। जयंत को पूरे जिले में लोग आरटीआई कार्यकर्ता के रूप में जानते थे। उपमुखिया के पति रामभद्र सिंह को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने लगभग 4 घंटे तक एनएच 22 को जाम कर दिया। बाद में पुलिस के समझाने के बाद जाम हटाया। महुआ एसडीपीओ अनंत कुमार राय ने बताया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में संलिप्त चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

आरटीआई से मांगी सूचनाओं पर चल रही थी सुनवाई 

जयंत आरटीआई के तहत दर्जनों सरकारी कर्मचारी, नेताओं की कुंडली खंगाल रहे थे। कई मामले राज्य सूचना आयोग में चल रहे थे, जिनकी सुनवाई होनी थी। सुनवाई के बाद कार्रवाई तय थी। क्षेत्र के लोग हत्या को इसी कड़ी से जोड़कर भी देख रहे हैं। मृतक की मां सावित्री देवी इनायतनगर पंचायत क्षेत्र संख्या दो की समिति सदस्य हैं। जयंत सरकारी तंत्र द्वारा की जा रही लूट खसोट के खिलाफ प्रखंड परिसर में धरना प्रदर्शन भी कर चुके थे।

Input : Dainik Bhaskar

Previous articleबैंक लूट में शामिल शातिर समेत पांच गिरफ्तार
Next articleमुजफ्फरपुर में टाटा मेमोरियल अस्पताल की शाखा शीघ्र

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here